Sunday , September 20 2026
Breaking News

अतीक अहमद के पांच बेटों में चार का आपराधिक रिकॉर्ड, आबान पर भी दर्ज हो चुकी थी एफआईआर

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद एक बार फिर उसके परिवार का आपराधिक इतिहास चर्चा में है। अतीक अहमद के पांच बेटों में से चार का नाम अलग-अलग आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। इनमें दो बेटे फिलहाल जेल में हैं, एक पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है और आबान के खिलाफ भी एक एफआईआर दर्ज हुई थी।

अतीक अहमद उत्तर प्रदेश के चर्चित माफियाओं में शामिल रहा। वह पांच बार विधायक और एक बार सांसद भी रहा। 16 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

अतीक के बड़े बेटे मोहम्मद उमर पर रंगदारी समेत कई गंभीर आरोप लगे और उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। दूसरे बेटे मोहम्मद अली पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। तीसरा बेटा असद अहमद उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

सबसे छोटे बेटे आबान अहमद के खिलाफ नवंबर 2025 में प्रयागराज के धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित भड़काऊ रील का संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353 के तहत मामला दर्ज किया था। आरोप था कि वीडियो के जरिए दहशत फैलाने और धमकी भरे संवाद प्रसारित किए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अतीक के नाबालिग बेटों अहजम और आबान की देखरेख उनकी बुआ को सौंपी गई थी। दोनों प्रयागराज में उनके साथ रह रहे थे। आबान की मौत के बाद एक बार फिर अतीक अहमद के परिवार का आपराधिक और राजनीतिक इतिहास सुर्खियों में आ गया है।

Check Also

दिल्ली की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर एक्शन: आडवाणी से लेकर केजरीवाल-सिसोदिया तक को SIR नोटिस

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *