Tuesday , September 15 2026

NH-58 पर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, डायवर्जन के बीच इन मार्गों से जारी रहेगा वाहनों का संचालन

कांवड़ यात्रा 2026 के मद्देनज़र मेरठ पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत 29 जुलाई की रात 12 बजे से राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58) और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक लागू रहेगी। हालांकि, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।

पुलिस के अनुसार, पहले चरण में ट्रक, बस, ट्रॉला और अन्य भारी वाहनों का रूट बदला जाएगा। वहीं 4 अगस्त की आधी रात से हल्के और मध्यम वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान केवल निर्धारित पास वाले वाहनों को तय समय और तय मार्गों से आने-जाने की अनुमति मिलेगी।

दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से आने वाले भारी वाहनों को डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड, सहारनपुर और हरिद्वार जाने वाले वाहनों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा, ताकि कांवड़ मार्ग पर यातायात प्रभावित न हो।

गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं। दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, गाजियाबाद, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को सिंभावली कट और डासना होते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। जबकि मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

नगर निगम ने भी कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें लगाने, गड्ढों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और नालियों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक प्लान में स्थिति के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।

Check Also

यूपी में करोड़ों की ठगी का मामला: पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच ने मेरठ से पकड़ा

किसानों से होटल और फैक्टरी के नाम पर जमीन खरीदने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *