Tuesday , September 15 2026

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में अहम फैसलों की उम्मीद, महासचिव समेत तीन नए ट्रस्टी पर नजर

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार को अयोध्या स्थित मणिरामदास छावनी में शुरू हो गई। बैठक में नए महासचिव की नियुक्ति, तीन रिक्त ट्रस्टी पदों को भरने, ट्रस्ट की समितियों के पुनर्गठन और चढ़ावा चोरी मामले की जांच सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि, ट्रस्ट सदस्य दिनेंद्र दास, स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, परमानंद जी महाराज और पदेन सदस्य के रूप में अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी मौजूद हैं। वहीं, पद्मश्री के. परासरन, केंद्रीय सचिव प्रशांत लोखंडे और उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट के तीन रिक्त पदों पर नए ट्रस्टियों की नियुक्ति और महासचिव पद पर स्थायी नियुक्ति को लेकर फैसला हो सकता है। कार्यवाहक महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन और विश्व हिंदू परिषद के महासचिव बजरंगलाल बांगड़ा इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बैठक में ट्रस्ट की पांच प्रमुख समितियों के पुनर्गठन और वित्तीय व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी चर्चा हो रही है। पूर्व महासचिव चंपत राय के इस्तीफे, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के पद छोड़ने और ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद रिक्त हुए पदों को भरने पर भी विचार किया जा रहा है।

बैठक को देखते हुए मणिरामदास छावनी और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रस्ट की ओर से बैठक समाप्त होने के बाद लिए गए फैसलों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Check Also

नकली सिक्कों की फैक्टरी का खुलासा, लागत पांच रुपये और कमीशन 400 रुपये; 25 साल पुराना नेटवर्क आया सामने

जाली नोटों के बाद अब नकली सिक्कों के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सहारनपुर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *