CJP Protest Live: सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, मेदांता ने जारी की मेडिकल रिपोर्ट; हाईकोर्ट ने केंद्र से चार हफ्ते में जवाब मांगा
CJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं। इनमें पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में चार, कनॉट प्लेस में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है।
इधर, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा गया है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल के अनुसार, वांगचुक पूरी तरह होश में हैं, उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं और उनका उपचार उनकी सहमति से किया जा रहा है।
उधर, दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी।
समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार शाम मेदांता अस्पताल पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात करेगा और उनसे अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की अपील करेगा। इससे पहले CJP ने भी एक खुला पत्र जारी कर वांगचुक से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अनशन खत्म करने का अनुरोध किया।
इस बीच, जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान दिल्ली पुलिस के एक जवान की हार्ट अटैक से मौत की सोशल मीडिया पर वायरल खबर को पुलिस ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। जांच में ऐसे किसी भी दावे की पुष्टि नहीं हुई।
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी आंदोलन का नेतृत्व कर रहे युवाओं के साथ खड़ी है। दूसरी ओर, भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के दौरान संयम बरता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन में कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है, जबकि प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर देशभर की नजर बनी हुई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi