राजधानी के बख्शी का तालाब क्षेत्र में नौवीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मां को याद करते हुए पिता के प्रति भावनाएं व्यक्त की हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से सीतापुर के नैमिष क्षेत्र की रहने वाली अनन्या अपने परिवार के साथ सरैया गांव में रहती थी। उसके पिता विजयपाल इंजीनियरिंग कॉलेज के पास मोमोज का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अनन्या एक निजी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी।
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे परिवार के सदस्य जब उसके कमरे में पहुंचे तो वह साड़ी के सहारे पंखे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा था कि वह अपनी मां को बहुत याद करती है और पिता उसकी सभी जरूरतें पूरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले मोबाइल फोन को लेकर घर में विवाद हुआ था। पिता ने पढ़ाई पर ध्यान न देने के कारण उसका मोबाइल तोड़ दिया था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi