Thursday , July 16 2026

उत्तराखंड में उड़ान को नई रफ्तार, राज्य की अपनी एविएशन एकेडमी और जिला-दर-जिला एयर कनेक्टिविटी का प्लान

उत्तराखंड सरकार राज्य में हवाई संपर्क को नई गति देने की तैयारी में है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नागरिक उड्डयन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राज्य की अपनी एविएशन एकेडमी स्थापित करने और सभी जिला मुख्यालयों को हवाई सेवा से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में हेलिपोर्ट और हेलीपैड का व्यापक नेटवर्क विकसित करना आवश्यक है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक तेज और सुरक्षित हवाई संपर्क सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने देहरादून से सभी जिला मुख्यालयों को नियमित हवाई सेवा से जोड़ने के साथ ही पौड़ी और पर्यटन स्थल लैंसडाउन के लिए भी एयर कनेक्टिविटी की संभावनाएं तलाशने को कहा।

उन्होंने ऊधमसिंह नगर के पराग फार्म में एविएशन एकेडमी और पायलट ट्रेनिंग स्कूल स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में शीघ्र एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि चारधाम समेत प्रदेशभर में हवाई यात्रा अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।

मुख्य सचिव ने प्रदेशभर में ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (AWS) और पीटीजेड कैमरे लगाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। इसके अलावा गुंजी और आदि कैलाश जैसे सीमांत पर्यटन क्षेत्रों में एयरस्ट्रिप या हेलिपोर्ट विकसित करने की संभावनाओं पर काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और केंद्र सरकार की उड़ान-2 योजना का लाभ उठाते हुए उत्तराखंड के सभी जिलों के लिए नए हवाई मार्ग प्रस्तावित किए जाएं, जिससे राज्य में पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।

Check Also

MCD चुनाव में आज फैसला, 12 वार्ड समितियों के लिए मतदान; चार सीटों पर सियासी रोमांच चरम पर

दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 वार्ड समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *