मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित क्रिकेट ग्राउंड में शाम चार बजे आयोजित हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अभिनंदन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है। एसोसिएशन की ओर से समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिवक्ताओं को मुख्यमंत्री से बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:45 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से प्रयागराज पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे। समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5:10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश पांडे करेंगे, जबकि महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा कार्यक्रम का संचालन करेंगे।
सात सौ करोड़ की परियोजना की चाबी सौंपे जाने की तैयारी
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडे के अनुसार, करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग और अधिवक्ता कक्ष तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली संयुक्त रूप से हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को इसकी चाबी सांकेतिक रूप से सौंप सकते हैं।
एसोसिएशन के मुताबिक, नए अधिवक्ता कक्षों के आवंटन की प्रक्रिया लगभग पूरी होने वाली है। इसके बाद अधिवक्ताओं को जल्द ही नए चैंबर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसे अधिवक्ताओं के लिए कार्यक्रम की प्रमुख सौगातों में से एक माना जा रहा है।
यातायात व्यवस्था को लेकर अधिवक्ताओं से अपील
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। एसोसिएशन ने कहा है कि कार्यक्रम के दौरान कानपुर रोड पर सड़क किनारे वाहन खड़े न किए जाएं।
हाईकोर्ट से लगी कानपुर रोड की लेन को हनुमान मंदिर से पानी की टंकी चौराहे तक खाली रखने की अपील की गई है। अधिवक्ताओं से अपने वाहन न्यू मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा करने को कहा गया है।
सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी
मुख्यमंत्री के प्रयागराज आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड से लेकर हाईकोर्ट परिसर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था में दो डीसीपी और छह डिप्टी एसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पीएसी और आरएएफ के जवान भी निर्धारित स्थानों पर तैनात रहेंगे। मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ मार्गों पर यातायात रोकने या डायवर्जन की व्यवस्था भी की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रयागराज के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi