Tuesday , July 14 2026

जिला अस्पताल में खूनी वारदात, पैरामेडिकल छात्रा की हत्या से मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह एक पैरामेडिकल छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, छात्रा पर उसके सहपाठी ने सीटी स्कैन कक्ष में धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी छात्र को मौके से हिरासत में ले लिया है।

सीटी स्कैन कक्ष में हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, सुबह अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन कक्ष में पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने अपनी सहपाठी कशिश पटेल पर चाकू से कई वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचीं सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि भी हमले में घायल हो गईं।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। छात्रा को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी मौके से पकड़ा गया

हमले के बाद अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य लोगों ने आरोपी छात्र को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेम प्रसंग का एंगल, जांच जारी

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

छात्रों का प्रदर्शन, पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना से आक्रोशित पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना शुरू कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मृतक छात्रा के पिता रोहिदास पटेल ने बताया कि उनकी बेटी पिछले एक वर्ष से मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रहती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की वास्तविक वजह की जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें बताया गया कि किसी विवाद के बाद आरोपी ने उनकी बेटी पर हमला कर दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Check Also

मेरठ में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर विरोध तेज, महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर जताया आक्रोश

शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *