Wednesday , July 15 2026

दुबई भागने की फिराक में थे चोर, संत प्रेमानंद के शिष्य के घर 2.90 करोड़ की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

मथुरा। वृंदावन के सुनरख क्षेत्र में प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य के घर हुई 2.90 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जैंत थाना पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, सोने-चांदी के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन, ब्रांडेड घड़ियां और अन्य सामान बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पासपोर्ट बनवाकर दुबई भागने की तैयारी में थे।

पड़ोसी ने रची थी पूरी साजिश

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि गुजरात निवासी राकेश प्रजापति, जिनका बेटा प्रेमानंद महाराज के आश्रम में दीक्षित है, धार्मिक जीवन बिताने के उद्देश्य से वृंदावन में किराये के फ्लैट में रहने लगे थे। उन्होंने गुजरात में अपनी संपत्ति बेचकर करीब 2.90 करोड़ रुपये अपने पास रखे थे।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आलोक, जो एक गेस्ट हाउस संचालित करता था, का राकेश के घर आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान उसे घर में रखी बड़ी नकदी की जानकारी मिली। बाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रच डाली।

प्लॉट दिखाने के बहाने घर से बाहर बुलाया

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आलोक ने राकेश प्रजापति को कुटिया निर्माण के लिए प्लॉट दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया। इसी दौरान उसके तीन साथियों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी और बेड में रखी 2.90 करोड़ रुपये की नकदी चोरी कर ली।

दुबई भागने की थी तैयारी

जांच में सामने आया कि चोरी के बाद आरोपियों ने नकदी से फॉक्सवैगन वर्टस कार, ब्रांडेड कपड़े, जूते, महंगी घड़ियां, मोबाइल फोन और अन्य लग्जरी सामान खरीदा। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों ने पासपोर्ट भी बनवा लिया था और दुबई भागने की तैयारी कर रहे थे।

2.60 करोड़ नकद समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने चारों आरोपियों को सुनरख रोड के पास हाईवे से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये नकद, फॉक्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच, सोने-चांदी के आभूषण, एप्पल, सैमसंग और वीवो के मोबाइल फोन, ब्रांडेड घड़ियां, जिम और स्विमिंग किट समेत कई कीमती सामान बरामद किए गए।

पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Check Also

चढ़ावा विवाद पर आमने-सामने आए गोदियाल और हेमंत द्विवेदी, प्रेस क्लब में बहस को लेकर बढ़ी हलचल

देहरादून। बदरीनाथ धाम के चढ़ावा हेराफेरी मामले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *