Tuesday , September 15 2026

होटल सुसाइड केस: कमरा नंबर 106 का राज सुलझाने में जुटी पुलिस, 3.5 घंटे की हर गतिविधि की जांच

कानपुर के घंटाघर स्थित सूर्या होटल में प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। शनिवार दोपहर होटल के कमरा नंबर 106 में ठहरे दोनों ने करीब साढ़े तीन घंटे बाद कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कमरे के अंदर इन घंटों के दौरान आखिर क्या हुआ, जिसने दोनों को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

जांच के तहत पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और व्हाट्सएप चैट की पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोपहर करीब 12:30 बजे जब दोनों होटल पहुंचे, तब उनके व्यवहार में किसी तरह की घबराहट या तनाव के स्पष्ट संकेत नहीं दिखे। पुलिस होटल कर्मचारियों से भी मिनट-दर-मिनट घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और यह भी पता लगा रही है कि दोनों पहले भी इस होटल में ठहरे थे या नहीं। इसके लिए होटल के पुराने रिकॉर्ड और रजिस्टर भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब चार बजे कमरे से महिला की चीख सुनाई दी। होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो दोनों की हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों शादीशुदा थे और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, क्या किसी तरह का विवाद हुआ था और क्या उन पर किसी प्रकार का मानसिक या सामाजिक दबाव था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

यूपी लेखपाल भर्ती का इंतजार खत्म होने की ओर, 28,409 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच के बाद आएगा फाइनल रिजल्ट

उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7,994 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *