Saturday , August 22 2026

उत्तराखंड सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 3 दोस्तों की मौत; 2 की हालत नाजुक

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह दुर्घटना रुड़की-कलियर मार्ग पर बाजूहेड़ी गांव के पास गंगनहर पटरी मार्ग पर रात करीब 10:45 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि दूसरी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। हादसे के बाद सामने आए वीडियो में सड़क पर मलबा और शवों के अवशेष दिखाई दिए।

कोतवाली रुड़की के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Check Also

मसूरी में बारिश बनी आफत: कैंपटी रोड पर ढहा बहुमंजिला भवन, लोगों में मची अफरातफरी

मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर जारी है। कैंपटी रोड क्षेत्र में ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *