Friday , November 27 2026

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर से मिले किरेन रिजिजू, आगामी टूर्नामेंट को लेकर जताया भरोसा

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत की स्टार निशानेबाज और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मनु को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करती रहेंगी। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मनु भाकर के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की।
रिजिजू ने एक्स पर साझा की मुलाकात की तस्वीर
किरेन रिजिजू ने मनु भाकर के साथ मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने लिखा, ‘भारत की दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से मिलकर अच्छा लगा। भविष्य के टूर्नामेंट के लिए उन्हें मेरी ओर से शुभकामनाएं। वह भारत का नाम और भी रोशन करें।’
पेरिस ओलंपिक में रचा था इतिहास
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचा था। वह आजाद भारत के इतिहास में एक ही ओलंपिक संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं।

उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था। इसके बाद सरबजोत सिंह के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय निशानेबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।
आईएसएसएफ एथलीट कमेटी में भी मिली जगह
मनु भाकर ने हाल ही में अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें 2026-2030 के कार्यकाल के लिए इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) की एथलीट कमेटी में चुना गया है।

उन्हें पिस्टल श्रेणी में नामित किया गया था, जहां उन्होंने दो उपलब्ध पदों के लिए नौ अन्य उम्मीदवारों के साथ प्रतिस्पर्धा की। इस चुनाव के लिए काहिरा और दोहा में आयोजित आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप के दौरान मतदान कराया गया। इसमें संबंधित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले पात्र खिलाड़ियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
खिलाड़ियों की आवाज मजबूत करना चाहती हैं मनु
आईएसएसएफ एथलीट कमेटी में अपनी भूमिका को लेकर मनु भाकर खेल से जुड़े फैसलों में खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही हैं। उनका एजेंडा खिलाड़ियों की आवाज को मजबूत बनाने और उनकी समस्याओं को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की व्यवस्था तैयार करने पर केंद्रित है।

इसके अलावा वह प्रतियोगिताओं के नियमों में एकरूपता, खिलाड़ियों के लिए बेहतर आर्थिक और व्यावसायिक अवसर तथा उनकी कल्याण सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहती हैं। मनु भाकर की ओलंपिक उपलब्धियों के बाद अंतरराष्ट्रीय खेल प्रशासन में मिली यह जिम्मेदारी उनके करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।

Check Also

सिराज-रवींद्र को बाहर रखने पर उठा सवाल, अजय जडेजा के ‘हेड-टेल्स’ वाले बयान पर चर्चा तेज

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन से अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *