1. भारत-इंडोनेशिया के बीच ब्रह्मोस डील पर मुहर
भारत और इंडोनेशिया के बीच 7 जुलाई को ब्रह्मोस मिसाइल डील समेत 20 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। समझौते के तहत भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट और स्वदेशी ‘अस्त्र’ एयर-टू-एयर मिसाइल उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही भारत इंडोनेशिया के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) विकसित करने में भी सहयोग करेगा।
फिलीपींस और वियतनाम के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है। यह समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की द्विपक्षीय वार्ता के दौरान हुए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्णा’ भी प्रदान किया गया।
2. पद्मश्री डॉ. गिरीश भारद्वाज का निधन
‘ब्रिज मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध पद्मश्री डॉ. गिरीश भारद्वाज का 76 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह मैकेनिकल इंजीनियर और सामाजिक नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी विशेषज्ञ थे।
उन्होंने 1989 में कर्नाटक की पयस्विनी नदी पर पहला कम लागत वाला सस्पेंशन फुटब्रिज बनाया था। तीन दशकों में उन्होंने देशभर में 140 से अधिक सस्पेंशन फुटब्रिज बनाकर हजारों ग्रामीणों को स्कूल, अस्पताल और बाजारों से जोड़ा। ग्रामीण विकास में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2017 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
3. संजीव जैन बने उत्तर कोरिया में भारत के नए राजदूत
विदेश मंत्रालय ने 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी संजीव जैन को उत्तर कोरिया में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। वह आलियावती लोंगकुमेर का स्थान लेंगे।
संजीव जैन इससे पहले अफ्रीकी देश काबो वर्डे में भारत के राजदूत रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पेरिस, कैंडी (श्रीलंका) और दुबई स्थित भारतीय मिशनों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
4. राष्ट्रपति मुर्मू ने डूरंड कप 2026 की ट्रॉफियों का अनावरण किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में डूरंड कप 2026 की ट्रॉफियों का अनावरण किया। समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ और नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भी मौजूद रहे।
एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंटों में शामिल डूरंड कप का 135वां संस्करण 25 जुलाई से 23 अगस्त तक कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में खेला जाएगा।
5. क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने खेला अपना आखिरी FIFA वर्ल्ड कप
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर का आखिरी FIFA वर्ल्ड कप खेला। उन्होंने 2006 में विश्व कप में पदार्पण किया था और अपने पहले ही टूर्नामेंट में पुर्तगाल को सेमीफाइनल तक पहुंचाया था।
रोनाल्डो पांच बार बैलन डी’ओर पुरस्कार जीत चुके हैं और रियल मैड्रिड के इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं।
6. चीन में पूर्व अधिकारी को भ्रष्टाचार मामले में मौत की सजा
चीन की अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व वरिष्ठ अधिकारी यांग योलिन को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। उन पर करीब 325 मिलियन डॉलर (लगभग 31 अरब रुपये) की रिश्वत लेने और पद का दुरुपयोग करने का दोष सिद्ध हुआ है।
अदालत ने कहा कि भ्रष्टाचार की गंभीरता और समाज पर उसके प्रभाव को देखते हुए यह कठोर सजा सुनाई गई है। इसे चीन के सबसे बड़े भ्रष्टाचार मामलों में से एक माना जा रहा है।
आज का इतिहास
- 1497: पुर्तगाली नाविक वास्को डी गामा समुद्री मार्ग से भारत की यात्रा पर रवाना हुए।
- 1954: प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भाखड़ा-नांगल पनबिजली परियोजना का उद्घाटन किया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi