Monday , September 21 2026

स्कूल में सनसनीखेज वारदात, बच्चों के सामने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या; आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन अकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह गोलीकांड से हड़कंप मच गया। एक युवक ने स्कूल परिसर में घुसकर शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में दहशत फैल गई।

क्लासरूम के बाहर शिक्षिका को मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल में घुसा और पहली मंजिल पर पहुंचा। यहां क्लासरूम के बाहर उसने शिक्षिका निशात फातिमा को तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।

बच्चों के सामने हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, घटना के समय बच्चे स्कूल में मौजूद थे। गोली चलने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना से बच्चे सहम गए। वारदात के बाद स्कूल के सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्कूल के बाहर अभिभावकों और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने का शक

पुलिस को शुरुआती जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का शक है। निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि आरोपी सऊद अंसारी का मोहल्ला भी आसपास बताया गया है। पुलिस इस पहलू समेत घटना के अन्य कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के मुताबिक, स्कूल की पहली मंजिल पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद युवक ने शिक्षिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Check Also

आज से सीईओ संभालेंगे राम मंदिर का कामकाज, जितेंद्र मिश्र ने पदभार ग्रहण किया

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र ने सोमवार को आधिकारिक रूप ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *