Tuesday , September 22 2026

स्कूल में खूनी वारदात: प्यार में नाकाम युवक ने की हत्या, फिर खुद भी उठाया खौफनाक कदम

शहर के चिल्ड्रेंस एकेडमी स्कूल में सोमवार को शिक्षिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में शिक्षिका निशात फातिमा और आरोपी सऊद की मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने मौके से दो तमंचे, चार खोखे और एक कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, सऊद पहले भी शिक्षिका निशात फातिमा से मिलने स्कूल आता-जाता था। सोमवार को वह मुलाकात के बहाने स्कूल पहुंचा। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद वे पहली मंजिल पर सीनियर केजी कक्षा के बाहर कॉरिडोर में पहुंचे। इसी दौरान सऊद ने तमंचे से शिक्षिका पर गोली चला दी।

शिक्षिका ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दो और गोलियां चला दीं। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और स्टाफ ने 400 से अधिक बच्चों को कमरों में सुरक्षित किया।

पहले दी थी धमकी

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के अनुसार, घटना से चार-पांच दिन पहले सऊद ने निशात फातिमा को धमकी दी थी कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो उसे किसी और की नहीं होने देगा। निशात ने यह बात अपनी मां को बताई थी और पुलिस में शिकायत करने की बात कही थी। परिवारों के बीच करीबी संबंध होने के कारण उसकी मां ने शिकायत करने के बजाय सऊद के पिता को इसकी जानकारी दी थी।

दो तमंचे मिलने से जांच में नया पहलू

फोरेंसिक जांच के दौरान घटनास्थल से दो तमंचे, चार खोखे और एक कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार स्कूल तक कैसे लेकर पहुंचा और इन्हें कहां से हासिल किया गया था। उसके स्कूल पहुंचने से पहले की गतिविधियों और सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध और हालिया विवाद से जोड़कर देख रही है। मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर सऊद, उसके पिता कय्यूम अंसारी और कय्यूम की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पुलिस घटना से पहले आरोपी की गतिविधियों, हथियारों की व्यवस्था और वारदात की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

Check Also

शराब के नशे में हुआ विवाद, चाकू से हमला कर युवक की हत्या; आरोपी की बेटी का था जन्मदिन

देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *