उत्तराखंड में सहसपुर विधानसभा सीट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा है कि वह सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को इसी सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी।
हरक सिंह रावत ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सहसपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है। रावत ने कहा कि अगर भाजपा को उनके खिलाफ चुनाव लड़ना है तो मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष सहसपुर से मैदान में उतरकर दिखाएं।
टिकट पर अभी फैसला नहीं
हरक सिंह रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी टिकट को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे उम्मीदवार बनाएगा, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता उसकी जीत के लिए काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए प्रत्याशी का चेहरा महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पार्टी का चुनाव चिह्न ही मुख्य आधार होना चाहिए।
भाजपा पर लगाए आरोप
रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा उनके खिलाफ ऐसे लोगों से बयान दिलवा रही है जो उनके मुताबिक ग्राम प्रधान का चुनाव भी नहीं जीत सकते। उन्होंने कहा कि सहसपुर में वह चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और पार्टी के निर्णय के अनुसार आगे की रणनीति तय होगी।
सहसपुर सीट को लेकर हरक सिंह रावत के इस बयान के बाद उत्तराखंड की सियासत में इस सीट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi