राजधानी दिल्ली में नाबालिगों के खिलाफ यौन अपराध की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। वहीं, सदर बाजार में 11 वर्षीय छठी कक्षा की छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। किशनगंज इलाके में छह साल की बच्ची के यौन शोषण के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
पुलिस ने तीनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। कालकाजी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सदर बाजार मामले में 56 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
कालकाजी मंदिर के पास किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी सोमवार शाम अपने नाबालिग मित्र के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर के पीछे वाले इलाके की ओर चले गए।
शाम करीब 7:30 बजे तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके मित्र को धमकाया। इसके बाद तीनों ने किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सदर बाजार में 11 वर्षीय छात्रा से यौन उत्पीड़न
सदर बाजार इलाके में 16 सितंबर की रात 11 वर्षीय छठी कक्षा की छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले में 56 वर्षीय दर्जी मकसूद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपनी दुकान पर बुलाया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची को बंधक बनाया और उसके हाथ-पैर बांधकर यौन उत्पीड़न किया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, पीसीआर को सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि छात्रा रात करीब 11 बजे स्टेशनरी खरीदने के लिए घर से निकली थी। उसकी शिकायत पर संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किशनगंज में छह साल की बच्ची के यौन शोषण का आरोप
किशनगंज इलाके में छह साल की बच्ची के यौन शोषण का मामला भी सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 34 वर्षीय अंकित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे कुछ लोग बच्ची और उसके परिजनों के साथ सिद्धीपुरा पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि किशनगंज इलाके में उन्होंने एक व्यक्ति को बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन शोषण करते हुए पकड़ा है।
आरोपी की पहचान किशनगंज निवासी अंकित के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुलिस चौकी पर भी पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi