चीन सीमा के नजदीक स्थित सामरिक रूप से महत्वपूर्ण चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना का ‘नॉर्थ इंडिया हिल्स’ अभ्यास जारी है। 12 नवंबर से शुरू हुआ यह अभ्यास 21 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत 17 नवंबर को पैरा कमांडो जवानों की लैंडिंग प्रस्तावित है। हालांकि, खराब मौसम के कारण विमानों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
वायुसेना के अधिकारी अभ्यास से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे को सामरिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों, सैन्य अभियानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में यह हवाई अड्डा उपयोगी साबित हो सकता है। चीन सीमा के नजदीक होने के कारण इसका रणनीतिक महत्व और बढ़ जाता है।
खराब मौसम के कारण विमानों के संचालन में बाधा
अभ्यास के दौरान वायुसेना के आगरा और बरेली एयरबेस से विमानों के संचालन की योजना बनाई गई है। हालांकि, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते भारी विमानों की लैंडिंग और उड़ान संचालन में बाधा आ रही है। इसके बावजूद अभ्यास से संबंधित अन्य तैयारियां जारी हैं।
जिला प्रशासन से मांगा सहयोग
अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए वायुसेना ने जिला प्रशासन से सहयोग मांगा है। वायुसेना की ओर से अग्निशमन विभाग, एंबुलेंस और संबंधित अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं और अधिकारियों व जवानों के ठहरने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
शनिवार को बरेली एयरबेस से वायुसेना के अधिकारी एएलएच हेलीकॉप्टर के जरिए चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पहुंचे। अधिकारियों ने यहां पहुंचकर अभ्यास से जुड़ी व्यवस्थाओं और परिचालन तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना के अभ्यास की सूचना मिली है। सेना और वायुसेना समय-समय पर अपनी नियमित परिचालन तैयारियों को परखने के लिए इस तरह के अभ्यास करती रहती हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi