Friday , November 13 2026

अखिलेश यादव के अयोध्या पहुंचने पर बोले परमहंस आचार्य, राम मंदिर और श्रीराम पर दिया बड़ा संदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने के कदम का तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे समाज के हैं। जो भी व्यक्ति भगवान श्रीराम की शरण में आता है, उसका स्वागत किया जाना चाहिए।

जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन से करीब एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। उनके मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री के इस कदम से उन लोगों को भी राम मंदिर से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी, जो मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते वर्ष 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के कारण समाजवादी पार्टी और उसके परिवार से नाराजगी रखते हुए मंदिर दर्शन से दूरी बनाए हुए थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने से उनके समर्थकों के बीच भी सकारात्मक संदेश जाएगा और वे भगवान श्रीराम को अपना मानकर मंदिर पहुंचेंगे।

राजनीति में मतभेद हों, मनभेद नहीं:

परमहंस आचार्य ने अपने बयान में कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। वे सभी के आराध्य हैं और हर व्यक्ति को उनके दर्शन तथा पूजा-अर्चना का अधिकार है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन धार्मिक आस्था के मामले में किसी तरह का विरोध नहीं होना चाहिए। अखिलेश यादव के अयोध्या आने के फैसले का स्वागत किया जाना चाहिए।

रामराज्य के लिए श्रीराम के आदर्शों पर चलना जरूरी:

महंत ने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मन में एक-दूसरे के प्रति द्वेष नहीं होना चाहिए। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में सद्भाव और एकता स्थापित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि रामराज्य की स्थापना तभी संभव है, जब सभी लोग भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर चलें। अखिलेश यादव का रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आना इसी दिशा में एक सकारात्मक संदेश दे सकता है।

Check Also

अमिताभ बच्चन के घर को धमकी देने के मामले में बड़ा खुलासा: अंकित के लैपटॉप से मिले 17 लाख के लेनदेन के रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश एटीएस की जांच में ई-मेल आईडी बेचने के एक बड़े नेटवर्क से जुड़े ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *