सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 523.22 अंक टूटकर 77,628.23 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 134.10 अंक फिसलकर 24,198.25 पर कारोबार करता दिखा। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर बाजार की धारणा पर देखने को मिला।
विदेशी मुद्रा बाजार में भी रुपये पर दबाव बना रहा। डॉलर के मुकाबले रुपया 96.53 पर कमजोर खुला और बाद में 96.42 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इससे पहले शुक्रवार को रुपया 96.30 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण रुपये पर दबाव बढ़ा है।
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल दर्ज किया गया। ब्रेंट क्रूड का भाव 2.45 प्रतिशत बढ़कर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल की कीमतों में तेजी आई है।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 964 मिलियन डॉलर बढ़कर 675.157 अरब डॉलर हो गया। पिछले सप्ताह भी विदेशी मुद्रा भंडार में 7.26 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi