कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (SSC CGL) 2026 के लिए संभावित रिक्तियों का नया आंकड़ा जारी किया है। आयोग के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 10,731 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इससे पहले मई 2026 में जारी भर्ती विज्ञापन में करीब 12,256 संभावित रिक्तियां बताई गई थीं।
आयोग ने उस समय स्पष्ट किया था कि रिक्तियों की संख्या अस्थायी है और जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है। अब जारी नई सूची में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों के 59 पद/पद-समूहों के लिए कुल 10,731 रिक्तियां बताई गई हैं।
30 सितंबर से शुरू होगी टियर-1 परीक्षा
SSC CGL 2026 की टियर-1 परीक्षा 30 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली है। परीक्षा अलग-अलग तिथियों पर आयोजित की जाएगी।
इस भर्ती के लिए करीब 30.94 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संगठनों, संवैधानिक एवं वैधानिक निकायों और अधिकरणों में ग्रुप बी और ग्रुप सी के पदों को भरा जाएगा।
किस विभाग में कितनी प्रमुख रिक्तियां?
आयोग की संभावित रिक्तियों के अनुसार वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक समेत कई विभागों में पद शामिल हैं।
प्रमुख पदों में वित्त मंत्रालय में निरीक्षक (केंद्रीय उत्पाद शुल्क) के 2,366 पद, कर सहायक के 1,400 पद, रक्षा मंत्रालय में लेखा परीक्षक के 875 पद, कार्मिक मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के 668 पद और वित्त मंत्रालय में आयकर निरीक्षक के 595 पद शामिल हैं।
इसके अलावा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के तहत सहायक लेखा अधिकारी के 504 पद, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के 504 राज्य संवर्ग पद और 513 केंद्रीय संवर्ग पद बताए गए हैं।
अन्य प्रमुख पद
संभावित रिक्तियों में वित्त मंत्रालय के कार्यालय अधीक्षक के 426 पद, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के लेखाकार के 396 पद, वित्त मंत्रालय के कार्यकारी सहायक के 340 पद और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी के 158 पद शामिल हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि ये संभावित रिक्तियां हैं। अंतिम रिक्तियों की संख्या में बदलाव संभव है। अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक सूचना पर नजर रखनी चाहिए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi