राजधानी लखनऊ में गुरुवार को समाजवादी छात्रसभा ने नीट पेपर लीक, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और अन्य मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता गले में फांसी का फंदा डालकर पहुंचे, जबकि कई प्रदर्शनकारी पुलिस की बसों की छत पर चढ़ गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
समाजवादी छात्रसभा के आह्वान पर लखनऊ विश्वविद्यालय, बीबीएयू समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र, सपा नेता और समर्थक 1090 चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शन के चलते करीब दो घंटे तक आंबेडकर पार्क मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और आसपास के इलाकों में लंबा जाम लग गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारी गले में फंदा डालकर विरोध जताते दिखे, जबकि कई पुलिस की बसों की छत पर चढ़कर पार्टी का झंडा लहराने लगे। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हजरतगंज, गोमतीनगर समेत कई थानों की पुलिस और पीएसी की टुकड़ियां मौके पर तैनात रहीं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी छात्रसभा ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने, छात्रों पर निष्कासन की कार्रवाई रोकने, बढ़ी हुई फीस वापस लेने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, छात्र आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई बंद करने और छात्रों के लिए सस्ती व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही राम मंदिर चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र हितों के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi