Friday , September 18 2026

पहाड़ों पर बारिश का असर, हरिद्वार की सूखी नदी में उफान; रेस्क्यू ऑपरेशन से बचीं जानें

हरिद्वार में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद सूखी नदी में अचानक सैलाब आने से तीन कारें बह गईं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय किसी भी वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया कि करीब आधे से एक घंटे की बारिश के बाद पहाड़ों से तेज बहाव का पानी नदी में पहुंचा। इस दौरान नदी के बहाव क्षेत्र में खड़ी तीन कारें पानी की चपेट में आकर बह गईं। वाहन चालक उस समय हरकी पैड़ी और मेला क्षेत्र गए हुए थे।

कुंभ 2027 की तैयारियों के तहत निर्माणाधीन पुल के पास बहकर पहुंचीं कारें निर्माण सामग्री और भारी मशीनों के बीच फंस गईं। मौके पर मौजूद श्रमिकों और तकनीशियनों ने तुरंत पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। चेन की सहायता से तीनों वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। तीन कारों में एक वाहन देहरादून का जबकि दो अन्य दूसरे राज्यों के बताए जा रहे हैं। वाहन नंबरों के आधार पर मालिकों से संपर्क कर उन्हें सूचना दी गई। वहीं, नदी क्षेत्र में खड़े कुछ अन्य बड़े वाहनों को भी समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया।

बारिश के दौरान अचानक बढ़े जलस्तर ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि सूखी दिखने वाली नदी या गदेरे में वाहन खड़ा करना या उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी और बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Check Also

पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप से हंगामा, कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

शहर कोतवाली के एक पुलिसकर्मी पर युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। मामले ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *