राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार सुबह बुलंदशहर में हवाला, टेरर फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के तहत बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ शहर के मोहल्ला इंटारोड़ी में कॉस्मेटिक कारोबारी अब्दुल कादिर और उसके दो भाइयों फैजल व बिलाल के घरों पर एक साथ छापेमारी की।
विशाखापट्टनम से पहुंची NIA की टीम ने सुबह करीब 8:30 बजे तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान तीनों घरों से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की सूचना है। नोटों की गिनती के लिए बैंक से करेंसी काउंटिंग मशीन मंगाई गई। गिनती के बाद नकदी को जब्त कर लिया गया, हालांकि बरामद रकम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
जांच के दौरान NIA ने एक लैपटॉप और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए। करीब साढ़े चार घंटे तक चली कार्रवाई के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे टीम पूछताछ पूरी कर लौट गई।
जांच एजेंसियों के रडार पर कैसे आए?
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल कादिर की शहर में कॉस्मेटिक की दुकान है, जबकि उसके भाई बिलाल ऑटो पार्ट्स का कारोबार करते हैं। सबसे छोटा भाई फैजल अपने पिता की क्लिनिक पर रहता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों भाइयों पर हवाला और टेरर फंडिंग से जुड़े नेटवर्क के साथ-साथ देश विरोधी गतिविधियों से संबंधित वेबसाइटों को सर्च करने के आरोप हैं। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर NIA ने यह कार्रवाई की।
पूरे इलाके को किया गया सील
छापेमारी के दौरान मोहल्ला इंटारोड़ी और आसपास के क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। दो थानों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को कार्रवाई स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई और घरों के अंदर मौजूद लोगों की आवाजाही भी सीमित रही।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि NIA की कार्रवाई करीब साढ़े चार घंटे तक चली। पूरी प्रक्रिया दो मजिस्ट्रेटों की निगरानी में संपन्न कराई गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसी ने अभी तक आधिकारिक रूप से बरामद नकदी या अन्य साक्ष्यों का विवरण सार्वजनिक नहीं किया है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi