Wednesday , July 8 2026

राम मंदिर चंदा चोरी मामला: फर्जी रसीद बुक बरामद, पुलिस आरोपियों को लेकर पहुंची परिक्रमा मार्ग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में नया खुलासा हुआ है। पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की फर्जी रसीद बुक बरामद हुई है। यह रसीद हूबहू असली रसीद की तरह दिखती है और उस पर ट्रस्ट का लोगो भी छपा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इन फर्जी रसीदों के जरिए श्रद्धालुओं से चंदे के नाम पर भी रकम वसूली थी।

पुलिस ने लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा और करुणेश पांडेय को 40 घंटे की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों को अयोध्या के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के जौरा क्षेत्र भी ले जाया गया। जांच एजेंसियों को शक है कि चोरी किए गए नोटों की गिनती और बंटवारा इसी स्थान पर किया जाता था।

फर्जी रसीद से वसूला जाता था चंदा

सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि शुरुआत में जब कोई श्रद्धालु मंदिर में दान देने की इच्छा जताता था, तो उसे असली जैसी दिखने वाली फर्जी रसीद देकर पैसे लिए जाते थे। बाद में जब ट्रस्ट ने ऑनलाइन रसीद व्यवस्था लागू कर दी, तो इन फर्जी रसीदों का इस्तेमाल बंद कर दिया गया।

गोपाल राव ने हटाए जाने के दावे को नकारा

इस बीच ट्रस्ट से हटाए गए गोपाल राव (गोपाल नगरकोटे) ने दावा किया है कि उन्हें ट्रस्ट से नहीं हटाया गया है और इस तरह की खबरें गलत हैं। हालांकि, 6 जुलाई को ट्रस्ट की बैठक के बाद जारी आधिकारिक प्रेस नोट में उन्हें विशिष्ट आमंत्रित सदस्य की सूची से हटाए जाने की जानकारी दी गई थी।

कारोबारी के ठिकानों पर भी छापेमारी

पुलिस ने बुधवार सुबह फैजाबाद जेल से तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इसके साथ ही मिल्कीपुर और इनायतनगर क्षेत्र में एक सर्राफा कारोबारी तथा बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी के ठिकानों पर भी दबिश दी गई। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि आरोपियों ने खरीदी गई संपत्तियों और अन्य सामान का भुगतान नकद किया था या ऑनलाइन।

बड़े आयोजनों के खर्च की भी जांच

स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बड़े आयोजनों के खर्च की भी जांच शुरू कर दी है। जांच टीम 22 जनवरी 2024 के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और 25 नवंबर 2025 के ध्वजारोहण कार्यक्रम से जुड़े बिल, वाउचर और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। रिकॉर्ड के अनुसार, प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पर 113 करोड़ रुपये और ध्वजारोहण कार्यक्रम पर 10.12 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।

Check Also

NIA की ताबड़तोड़ छापेमारी, बुलंदशहर में तीन भाइयों के ठिकाने खंगाले; टेरर फंडिंग के सुराग तलाशे जा रहे

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार सुबह बुलंदशहर में हवाला, टेरर फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *