समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक और अखिलेश यादव के करीबी दीप नारायण सिंह यादव के ठिकानों पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने झांसी और लखनऊ में कुल 9 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने संपत्तियों, वित्तीय लेनदेन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।
सुबह करीब 7 बजे ईडी की टीमें झांसी में पूर्व विधायक के आवास, होटल, पैतृक घर और उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर पहुंचीं। वहीं लखनऊ में उनकी पत्नी मीरा यादव के नाम पर दर्ज दो फ्लैटों पर भी छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सभी स्थानों के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहे और किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
अखिलेश यादव का सरकार पर हमला
ईडी की कार्रवाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि छापे वहां नहीं पड़ते जहां “चढ़ावा चोरी” का माल है, बल्कि केवल दिखावे की कार्रवाई की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच
ईडी की कार्रवाई वर्ष 2022 में दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी बताई जा रही है। 30 जुलाई 2022 को झांसी विजिलेंस थाने में दीप नारायण सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि उन्होंने अपनी वैध आय से करीब 23 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की।
जांच में सामने आया कि उनकी वैध आय 14.37 करोड़ रुपये थी, जबकि खर्च 37.32 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसके अलावा उनके खिलाफ झांसी के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के 23 मामले भी दर्ज हैं। इन्हीं मामलों के आधार पर ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।
झांसी और लखनऊ में कई ठिकानों पर कार्रवाई
झांसी में ईडी की टीम ने ओरछा रोड स्थित आवास, कुंवर पैलेस होटल, पैतृक गांव बुढ़ावली में स्थित घर, बड़े साले अनिरुद्ध यादव, करीबी अशोक गोस्वामी और छोटे भाई बबलू अन्ना के ठिकानों पर छापेमारी की। वहीं लखनऊ के एल्डिको एम्परर और सनराइज अपार्टमेंट स्थित दो फ्लैटों की भी तलाशी ली गई। दोनों फ्लैट पूर्व विधायक की पत्नी के नाम पर बताए जा रहे हैं।
पहले भी विवादों में रहे हैं दीप नारायण
दीप नारायण सिंह यादव वर्ष 2024 में डकैती और रंगदारी के मामले में भी चर्चा में रहे थे। उनके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया था। बाद में न्यायिक हिरासत के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
दीप नारायण सिंह यादव 2007 और 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर गरौठा विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। 2022 के चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी घोषित कुल संपत्ति 36.22 करोड़ रुपये है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi