Tuesday , August 18 2026

NEET समेत परीक्षाओं पर NTA का नया प्लान, 600 विशेषज्ञों को हटाने की तैयारी; चार स्तरीय जांच से पारदर्शिता पर जोर

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, एजेंसी के विशेषज्ञों के पैनल में व्यापक फेरबदल किया गया है और करीब 600 विशेषज्ञों को हटाकर नए विशेषज्ञों को शामिल किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों की जांच के लिए चार स्तरीय व्यवस्था लागू की जाएगी।

20-25 अधिकारी जल्द होंगे शामिल

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, अगले दो से तीन सप्ताह में NTA में करीब 20 से 25 नए अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। एजेंसी की प्रशासनिक और पेशेवर क्षमता मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ पदों पर भी नियुक्तियां की जा रही हैं।

इससे पहले मंत्रालय ने NTA में 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाए जाने और 10 नए पेशेवर नेतृत्व पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी थी। इनमें मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी, मुख्य वित्त अधिकारी, मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी, टेस्ट सिक्योरिटी और रिसर्च एंड साइकोमेट्रिक्स से जुड़े पद शामिल हैं।

चार स्तर पर होगी प्रश्नपत्रों की जांच

नई व्यवस्था में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों की चार स्तरों पर जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रश्नपत्र तैयार करने और अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में गलतियों की संभावना कम करना तथा सुरक्षा और गुणवत्ता को मजबूत करना है।

यह बदलाव हाल में प्रश्नपत्रों में सामने आई गड़बड़ियों और NTA की परीक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच किया जा रहा है।

नए परिसरों में जाएंगे NTA के कार्यालय

शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक NTA के कार्यालयों को नए परिसरों में स्थानांतरित करने का काम भी तेज किया जाएगा। नए परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए CISF की तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा परीक्षा से जुड़े गोपनीय कार्यों के लिए सुरक्षित कमरे, नेटवर्क से अलग कंप्यूटर सिस्टम और उपकरण जमा कराने जैसी व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

पूरी परीक्षा प्रक्रिया का होगा ऑडिट

शिक्षा मंत्रालय ने NTA की पूरी परीक्षा प्रक्रिया का विस्तृत ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए हैं। इसका मकसद परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र तैयार करने, सुरक्षा और गोपनीय प्रक्रियाओं में मौजूद कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है।

इन बदलावों के जरिए सरकार का लक्ष्य NTA की परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है।

Check Also

छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी को लेकर सौरव का सरकार पर हमला, बोले- अदालत में सूची दें

छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने के मुद्दे पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *