लखनऊ के अवध बस अड्डे से दैनिक यात्रियों के लिए बड़ी राहत की शुरुआत हुई है। एक अगस्त से 16 मार्गों के लिए मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) सुविधा शुरू कर दी गई है। अब यात्रियों को एमएसटी बनवाने के लिए कैसरबाग बस अड्डे जाने की जरूरत नहीं होगी।
अवध बस अड्डे से बाराबंकी, अयोध्या रोड और बहराइच रोड समेत 16 रूटों के लिए एमएसटी जारी किया जाएगा। पहली बार एमएसटी बनवाने पर 50 रुपये का पंजीकरण शुल्क देना होगा। इसके लिए बस अड्डे पर सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक काउंटर खुले रहेंगे, जहां आवश्यक दस्तावेज जमा कर स्मार्ट कार्ड के रूप में एक माह का एमएसटी बनवाया जा सकेगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के अनुसार, एक माह के एमएसटी पर यात्रियों को केवल 18 दिनों का किराया देना होगा, जबकि शेष 12 दिनों की यात्रा निःशुल्क होगी। इस सुविधा से नियमित रूप से रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों को हर महीने किराए में अच्छी बचत होगी।
छात्रों को एमएसटी बनवाने के लिए स्कूल फीस का प्रमाण, हाईस्कूल की अंकतालिका, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर जमा करना होगा। रोडवेज का मानना है कि नई सुविधा शुरू होने से अवध बस अड्डे से सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi