उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने से 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। सोमवार को 19 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बहराइच और लखीमपुर खीरी में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित 17 अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के 48 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
रविवार को उमस भरी गर्मी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला। तराई क्षेत्र में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बांदा, उरई, बरेली और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी।
राजधानी लखनऊ में भी सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi