Saturday , November 7 2026
Breaking News

Lucknow Crime: छात्रा के साथ तीन घंटे बिताने के बाद सहपाठी ने की हत्या, जांच में चौंकाने वाले खुलासे

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बीसीए की छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, छात्रा की हत्या उसके सहपाठी ने की। आरोपी पर दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और छात्रा एक-दूसरे को करीब दो वर्षों से जानते थे। दोनों पहले 12वीं तक साथ पढ़े थे और बाद में एक ही कॉलेज में बीसीए में दाखिला लिया था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने थे। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव चल रहा था और कई बार विवाद भी हुआ था।

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी छात्रा के घर पहुंचा, जहां वह अकेली थी। पुलिस के अनुसार, दोनों करीब तीन घंटे तक एक ही कमरे में रहे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि छात्रा इंस्टाग्राम पर किसी अन्य युवक से भी बातचीत करती है। इसी संदेह के चलते उसने छात्रा से मोबाइल फोन मांगा, लेकिन छात्रा ने फोन देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान आरोपी भी घायल हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी के शरीर पर भी चाकू से चोट के निशान मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

छात्रा के शव का डॉक्टरों के पैनल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा के शरीर पर चाकू के 12 घाव मिले हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव और गला कटना बताया गया है। वहीं, दुष्कर्म की पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच हेतु आवश्यक सैंपल सुरक्षित किए गए हैं।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। फुटेज में आरोपी को छात्रा के घर में प्रवेश करते हुए देखा गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल सबूत और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य मिलने के बाद आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया जाएगा। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

Check Also

KGMU केस में एसटीएफ की जांच तेज: जाकिर नाईक से जुड़े दो डॉक्टरों के संपर्क की पड़ताल, कई पहलुओं की जांच जारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सामने आए कथित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *