Saturday , September 19 2026

आस्था के केंद्र पर शराब पार्टी: गंगा नदी में बोतलें ठंडी करते युवकों का VIDEO वायरल

ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में गंगा नदी के बीच शराब पार्टी का एक वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई है। वीडियो में कुछ युवक गंगा के पानी में शराब की बोतलें ठंडी करते और नदी किनारे शराब पीते नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक गंगा तट और नदी के भीतर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। वीडियो में उनके पास शराब की बोतलें और गिलास भी दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि बोतलों को ठंडा रखने के लिए उन्हें गंगा के पानी में रखा गया था।

घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने युवकों की इस हरकत पर आपत्ति जताई। उन्होंने गंगा की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का हवाला देते हुए इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताया। लोगों का कहना है कि गंगा करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है और इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई और गंगा तटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग उठने लगी है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान ऋषिकेश में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा तटों पर अनुशासन बनाए रखने और नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Check Also

देहरादून: अग्निवीर भर्ती के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की आवाज बुलंद, योजना समाप्त करने की उठाई मांग

अग्निवीर भर्ती योजना को लेकर उत्तराखंड में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *