Wednesday , November 4 2026

केदारताल ट्रैक पर फंसे ट्रैकर्स की तलाश जारी: दो के शव बरामद, खराब हालात के बीच रेस्क्यू टीम का अभियान

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर फंसे आठ ट्रैकर्स की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद चलाए गए अभियान में एसडीआरएफ की टीम को एक महिला और एक पुरुष के शव मिले हैं। बाकी छह ट्रैकर्स की तलाश के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) और एसडीआरएफ की टीमें जुटी हुई हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। बताया गया कि पांच दिन पहले केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के पास आठ ट्रैकर्स फंस गए थे। इसके बाद से ही उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

चार हजार मीटर की ऊंचाई पर चलाया गया अभियान

मौसम खुलने के बाद मंगलवार को एसडीआरएफ और निम की टीम ने समुद्र तल से करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव मिला। दोनों शव लापता ट्रैकर्स के ही बताए जा रहे हैं।

हेलिकॉप्टर से हर्षिल लाए जाएंगे शव

रेस्क्यू टीम बुधवार को दोनों शवों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल हेलीपैड लाएगी। वहीं, अन्य छह ट्रैकर्स की तलाश के लिए अभियान जारी रहेगा। दो शव मिलने के बाद बाकी ट्रैकर्स के सुरक्षित मिलने की उम्मीदें भी कमजोर पड़ने लगी हैं।

रेस्क्यू टीम के लिए भेजी जाएगी अतिरिक्त मदद

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के मुताबिक, रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम की सहायता के लिए बुधवार को एक अतिरिक्त टीम केदारखड़क भेजी जाएगी। इस टीम के साथ रसद और जीवनरक्षक सामग्री भी भेजी जाएगी, ताकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अभियान को जारी रखने में मदद मिल सके।

Check Also

उत्तराखंड खेल महाकुंभ का भव्य समापन, देहरादून को मिली चैंपियनशिप ट्रॉफी; सीएम धामी ने की सराहना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खेल महाकुंभ 2026 का समापन किया। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *