हरियाणवी डांसर और स्टेज परफॉर्मर डिंपल चौधरी पर ग्रेटर नोएडा-बुलंदशहर बॉर्डर क्षेत्र में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। डिंपल का आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे गाड़ी का अगला शीशा चकनाचूर हो गया।
घटना के बाद डिंपल चौधरी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए कह रही हैं कि हमलावरों ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने बताया कि वह अपने भाई के साथ छोटी बहन के घर जा रही थीं, तभी रात करीब 11:30 बजे उनकी कार को निशाना बनाया गया।
डिंपल ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि हमले के बाद वह काफी घबरा गई थीं और उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। उनका आरोप है कि इससे पहले भी उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
डांसर के मुताबिक, 18 जून को उन्हें एक धमकी भरा फोन आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ‘चंबल का डॉन’ बताया था और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। डिंपल ने इस कॉल से जुड़ी ऑडियो-वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं।
वहीं, बुलंदशहर के एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि घटना बुलंदशहर नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा के अल्फा थाना क्षेत्र की है। मामला दोनों जिलों के बॉर्डर क्षेत्र का होने के कारण भ्रम की स्थिति बनी। फिलहाल ग्रेटर नोएडा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi