Sunday , September 20 2026

योग दिवस पर उत्तराखंड में भव्य आयोजन, मंदिरों, शिक्षण संस्थानों और मैदानों में योगाभ्यास

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक योग का उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लेते हुए सूर्य नमस्कार और विभिन्न योगासन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली भारतीय जीवन पद्धति है।

योग दिवस के अवसर पर चारधाम—केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां सेना, ITBP, पुलिस, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्यों और तीर्थपुरोहितों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने सूक्ष्म व्यायाम और योगासन किए।

शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी योग दिवस की धूम रही। IIT रुड़की के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में NCC कैडेट्स ने लोगों को योगाभ्यास कराया। पौड़ी गढ़वाल में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम में योग किया, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

देहरादून के परेड ग्राउंड में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, सुबोध उनियाल और खजानदास ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अनुलोम-विलोम और अन्य योग क्रियाएं कीं। वहीं ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के मार्गदर्शन में देश-विदेश से आए लोगों ने योगाभ्यास किया।

प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लिया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस के मौके पर उत्तराखंड योगमय नजर आया।

Check Also

DUSU Result 2026: 40.46 फीसदी मतदान के बाद शुरू हुई मतगणना, 20 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की मौत से पहले उसकी जिंदगी में आर्थिक ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *