Tuesday , October 13 2026

यूपी में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं 38 जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति

उत्तर प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। एक तरफ पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली, वहीं पूर्वी यूपी के कई इलाकों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में मानसून गोरखपुर-महराजगंज के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

मंगलवार को नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, ललितपुर और बागपत में धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज धूप और उमस से लोग बेहाल रहे।

IMD के मुताबिक, 26 से 27 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर 20 जून तक यूपी में मानसून दस्तक दे देता है, लेकिन इस बार यह यूपी-बिहार सीमा के पास करीब 15 दिनों से रुका हुआ है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश और 38 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में प्रयागराज 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश दर्ज की गई। बस्ती में आंधी और बारिश के चलते पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। एक पेड़ कार पर गिर गया, जबकि सड़क पर यूनिपोल गिरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए पूर्वी यूपी में लू के हालात बने हुए हैं। हालांकि अगले 48 घंटों में मानसून के आगे बढ़ने के संकेत हैं, जिससे उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है, जबकि 25 और 26 जून को अधिकांश हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा। 27 और 28 जून से पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Check Also

ईवीएम विवाद पर सीएम योगी का कांग्रेस को जवाब, बोले- हार स्वीकार करने के बजाय मशीन को ठहराते हैं जिम्मेदार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *