आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के करोड़ों वाहन मालिकों के हितों को लेकर ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखा है। उन्होंने E20 (20% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल के इस्तेमाल और 2023 से पहले बने वाहनों पर इसके प्रभाव को लेकर लिखित स्पष्टीकरण और उपभोक्ता गारंटी की मांग की है।
केजरीवाल ने देश की 29 प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों को दो अलग-अलग श्रेणियों में पत्र भेजे हैं। पहला पत्र मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और हीरो मोटोकॉर्प को भेजा गया, जबकि दूसरा पत्र टाटा मोटर्स समेत 26 अन्य वाहन निर्माता कंपनियों को लिखा गया है।
कंपनियों के दावों पर उठाए सवाल
टोयोटा के कंट्री हेड विक्रम गुलाटी को लिखे पत्र में केजरीवाल ने 4 जुलाई 2026 को हुई सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उस दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने दावा किया था कि 2023 से पहले बने वाहनों में E20 पेट्रोल का इस्तेमाल सुरक्षित है और इससे इंजन को कोई नुकसान नहीं होगा, केवल माइलेज में मामूली कमी आएगी।
केजरीवाल ने कहा कि यह दावा कंपनियों के अपने ओनर्स मैनुअल से मेल नहीं खाता। मैनुअल में स्पष्ट रूप से केवल E10 (10% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि करोड़ों उपभोक्ताओं को यह जानने का अधिकार है कि वे वाहन के साथ मिले आधिकारिक मैनुअल पर भरोसा करें या कंपनियों के हालिया बयानों पर।
एक सप्ताह में मांगा जवाब
टाटा मोटर्स समेत अन्य 26 कंपनियों को भेजे गए पत्र में केजरीवाल ने कहा कि प्री-2023 वाहनों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर देशभर में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सभी कंपनियों से एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक और लिखित रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
कंपनियों से पूछे दो अहम सवाल
केजरीवाल ने ऑटोमोबाइल कंपनियों से दो मुद्दों पर लिखित गारंटी मांगी है—
माइलेज में कमी पर मुआवजा: यदि 2023 से पहले का कोई वाहन E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के बाद 10% से अधिक माइलेज खोता है, तो क्या कंपनी वाहन मालिक को इसकी भरपाई करेगी?
इंजन खराब होने पर जिम्मेदारी: यदि E20 ईंधन के कारण इंजन या उसके किसी पार्ट को नुकसान पहुंचता है, तो क्या कंपनी मरम्मत या पार्ट्स बदलने का पूरा खर्च वहन करेगी?
केजरीवाल ने कहा कि कंपनियों को इस मुद्दे पर स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देना चाहिए, ताकि वाहन मालिक किसी भ्रम का शिकार न हों।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi