Wednesday , July 8 2026

बारिश से हाहाकार: दिल्ली-पुणे में इमारतें गिरीं, सूरत में करोड़ों का नुकसान; लोगों को खाने-पीने की किल्लत

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, केरल, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और इमारत गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। कई जगह राहत और बचाव अभियान जारी है।

पुणे में कचरे का पहाड़ गिरा, इमारत ढही

महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को भारी बारिश के बीच कचरे का विशाल ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे कचरा प्रबंधन कंपनी की बिल्डिंग ढह गई। हादसे के समय करीब 16 कर्मचारी अंदर मौजूद थे। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

दिल्ली के रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरी

दिल्ली के रोहिणी इलाके में भी तेज बारिश के दौरान एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खंडाला में लैंडस्लाइड, एक की मौत

पुणे जिले के खंडाला में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। हादसे में एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अब भी लापता है। बचाव दल मलबे में उसकी तलाश कर रहा है।

सूरत में 85 साल का रिकॉर्ड टूटा

गुजरात के सूरत में 36 घंटे के भीतर करीब 19 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे 1941 का 85 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। एक शॉपिंग मॉल की मंजिल तक पानी भर गया, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। करंट लगने, पेड़ गिरने और बिजली गिरने की घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 3,400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने-पीने की भी भारी परेशानी बनी हुई है।

कई राज्यों में बारिश का असर

दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) का एक हिस्सा धंस गया, जिससे गुरुग्राम में करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Check Also

राम मंदिर ट्रस्ट बैठक में तनातनी, चंपत राय के इस्तीफे पर बहस; गोपाल राव को मीटिंग से निकाला गया

अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे पर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *