नीट पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) का छात्र आंदोलन अब राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है। पिछले 48 घंटों में घटनाक्रम तेजी से बदला। संसद मार्च, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन, राहुल गांधी की लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात और प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचे प्रदर्शन ने इस आंदोलन को नई दिशा दे दी।
राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से छात्रों के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग की, लेकिन सरकार की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद विपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन का फैसला किया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग उठाई।
इस बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता रेफर किया गया था।
पुलिस की जांच में नए पहलू
दिल्ली पुलिस ने ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच तेज कर दी है। पुलिस कथित चैट संदेशों और एक सीक्रेट मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इंटरनेट बंद होने की आशंका के बीच प्रदर्शनकारियों के बीच किस तरह समन्वय बनाया गया और वायरल संदेश कितने प्रामाणिक हैं।
शिक्षा मंत्री का पलटवार
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार नीट समेत छात्रों के हर मुद्दे पर चर्चा और समाधान के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्ष लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक टकराव का रास्ता चुन रहा है।
राहुल की हिरासत और राज्यों में सियासी प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा। वहीं, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने भी प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई की आलोचना की और छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi