उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी इसी महीने राज्यभर में ‘बूथ जीतो अभियान’ की शुरुआत करेगी। इसके साथ ही विकास यात्रा, लखपति दीदी सम्मेलन और केंद्रीय नेताओं के दौरे की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है। पार्टी का लक्ष्य लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाना है।
दिल्ली में संगठन महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में हुई राज्य कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। करीब तीन घंटे चली बैठक में संगठन और संघ की आंतरिक सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा की गई और आगामी चुनावी कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने पर मंथन हुआ।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सितंबर से सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व सांसदों का क्षेत्रवार प्रवास शुरू किया जाएगा। इन नेताओं को चिन्हित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम कर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
भाजपा ने चुनाव से पहले विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर मौजूद नाराजगी को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश दिए हैं कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और जनता के बीच सक्रिय मौजूदगी बढ़ाएं।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित जनसभाओं की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा सितंबर से केंद्रीय नेताओं के व्यापक दौरे आयोजित करने की योजना बनाई गई है, ताकि चुनावी माहौल को मजबूत किया जा सके।
पार्टी ने इसी महीने विकास यात्रा और लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति जताई है। साथ ही वर्ष के अंत तक राज्य के लगभग 12 हजार मतदान केंद्रों से जुड़े मतदाताओं तक सीधा पहुंच बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा विशेष रूप से पिछली बार हारी 27 विधानसभा सीटों पर फोकस करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi