Monday , September 21 2026

झांसी के मंच पर नाराज दिखे भाजपा MLC, बोले- सम्मान के लिए ऐसे 10 मंच कुर्बान

झांसी में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ गई। मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर शिक्षक एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी भड़क गए और कार्यक्रम के बीच कुर्सी पलटकर मंच से उतर गए। हालांकि अधिकारियों के समझाने पर वह कुछ देर बाद लौटे और मंच की पिछली पंक्ति में बैठ गए।

मामला शनिवार को दीनदयाल सभागार में आयोजित सम्मेलन का है, जिसका वीडियो रविवार को सामने आया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मंच पर प्रोटोकॉल के तहत जनप्रतिनिधियों की बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन सीटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी के लिए पहली पंक्ति में सीट निर्धारित थी, लेकिन उनकी कुर्सी पर झांसी के मेयर बिहारी लाल आर्य बैठ गए। इसके बाद तिवारी दूसरी पंक्ति में जाकर बैठ गए। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान जब सभी जनप्रतिनिधि खड़े हुए, तभी एक सुरक्षाकर्मी उनकी कुर्सी हटाने लगा। इसी बात से नाराज होकर एमएलसी ने कुर्सी पलट दी और मंच छोड़कर चले गए।

बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के अनुरोध पर वे दोबारा कार्यक्रम में शामिल हुए। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बाबूलाल तिवारी ने कहा कि राजनीति में कुछ लोग फोटो फ्रेम में आने की होड़ में अनुशासनहीनता कर देते हैं। उन्होंने कहा कि वे शिक्षक रहे हैं और हमेशा अनुशासन में रहना पसंद करते हैं।

इसी कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम भी सीटिंग व्यवस्था से नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आत्मसम्मान से बढ़कर कुछ नहीं होता और सम्मान के लिए ऐसे कई मंच कुर्बान किए जा सकते हैं।

भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था पूरी तरह प्रोटोकॉल के अनुसार की गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।

Check Also

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक बदलाव: कई IAS अधिकारियों के तबादले, अमित घोष और अमृत अभिजात भी शामिल

उत्तर प्रदेश में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *