Tuesday , September 15 2026

दूसरे टी20 से पहले इंडिया हाउस में जुटी टीम इंडिया, श्रेयस अय्यर समेत खिलाड़ियों ने भारतीय उच्चायुक्त से की भेंट

जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने हरारे स्थित इंडिया हाउस का दौरा किया। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में पूरी टीम ने जिम्बाब्वे में भारत के उच्चायुक्त ब्रह्मा कुमार से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर और कार्यवाहक मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे हरारे की एक यादगार शाम बताया। बोर्ड ने कहा कि दूसरे टी20 मुकाबले से पहले इंडिया हाउस में भारतीय टीम की मेजबानी की गई, जहां खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।

टीम इंडिया इस समय शानदार लय में नजर आ रही है। पहले टी20 मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। इस जीत के साथ टीम ने हालिया निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए आत्मविश्वास हासिल किया। यह कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी खास पल रहा, क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान यह उनकी पहली जीत थी।

पहले मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने केवल 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, लगभग 21 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने दो विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया और भारत ने 126 रन का लक्ष्य 40 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

अब भारतीय टीम की नजर दूसरे टी20 मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। दूसरी ओर, पहले मैच में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संघर्ष करने वाली जिम्बाब्वे की टीम सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में वापसी करना चाहेगी। ऐसे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाला दूसरा मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

Check Also

आठवीं बार एशिया कप पर कब्जा, फिर भी क्यों परेशान है टीम इंडिया? मध्यक्रम और फील्डिंग बनी चिंता

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार एशिया कप ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *