Wednesday , August 5 2026

सपा के शक्ति प्रदर्शन में अखिलेश का भाजपा पर हमला, बोले- PDA के साथ आएगा 2027 का बदलाव

समाजवादी विचारक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में उन्होंने पीडीए (PDA) की नई व्याख्या करते हुए कहा कि P का अर्थ ‘पंडित’ भी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ही 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव लाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पीडीए की बढ़ती स्वीकार्यता से भाजपा घबराई हुई है और इसकी अलग-अलग परिभाषाएं गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जितना किसी वर्ग को दबाने की कोशिश होगी, वह उतना ही मजबूत होकर सामने आएगा। साथ ही दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कथित फर्जी एनकाउंटर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सपा ने इस आयोजन के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठन और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की।

Check Also

यूपी में सनसनी: दोस्त ने हिस्ट्रीशीटर को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, वजह बनी लड़की और चैटिंग

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *