फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक तेज टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। विमान को जोरदार झटके लगने से कई यात्रियों और कुछ क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात की गईं। घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को प्राथमिक उपचार के लिए एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जबकि कुछ लोगों को एहतियातन आगे की जांच के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टर्बुलेंस के दौरान विमान कुछ समय के लिए तेजी से नीचे आया, जिससे केबिन में अफरा-तफरी मच गई। अचानक आए झटकों के कारण कई यात्री सीटों और केबिन के अन्य हिस्सों से टकरा गए।
एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उड़ान के दौरान विमान को कुछ समय के लिए गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे ऊंचाई में अस्थायी बदलाव हुआ। इसके बावजूद विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की।
एयरलाइन के अनुसार, किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। सभी घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और घटना की जांच में संबंधित विमानन अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi