ई-20 पेट्रोल के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ करीब 2.33 लाख लोगों के हस्ताक्षरों वाली याचिका प्रधानमंत्री को सौंपने जा रहे थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया।
मार्च रोके जाने के बाद अरविंद केजरीवाल और पार्टी के कई नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। करीब सवा घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि ई-20 के खिलाफ आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
केजरीवाल ने दावा किया कि उनके साथ ऐसे लोग भी शामिल थे, जिनकी गाड़ियां ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की चिंताओं को प्रधानमंत्री तक पहुंचाना चाहती है और उम्मीद है कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिना पर्याप्त तैयारी के ई-20 नीति लागू कर रही है, जिससे लोगों की गाड़ियों की माइलेज प्रभावित हो रही है और वाहन खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने के लिए पहले समय मांगा गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
AAP के अनुसार, ऑनलाइन चलाए गए अभियान के तहत 2,33,238 लोगों ने ई-20 के विरोध में हस्ताक्षर किए हैं। पार्टी का कहना है कि इस मुद्दे पर जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है और सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए।
वहीं, पुलिस की ओर से मार्च की अनुमति नहीं दिए जाने के कारण प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बैरिकेडिंग के चलते प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिली।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi