सूरज बड़जात्या की फिल्मों में परिवार, रिश्ते और परंपराएं हमेशा अहम रही हैं। ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘विवाह’ जैसी फिल्मों में उन्होंने प्यार के साथ परिवार की खूबसूरती दिखाई। अब फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में वह एक ऐसे सवाल को उठाते हैं, जिस पर हिंदी फिल्मों में कम बात हुई है। शादी के बाद हर बार लड़की ही अपना घर क्यों छोड़े? लड़का अपनी पत्नी के परिवार के साथ क्यों नहीं रह सकता? फिल्म इसी सोच को बदलने की कोशिश करती है, हालांकि कहानी इस विचार को कितनी मजबूती से सामने रख पाती है, यही इसकी असली परीक्षा है।
फिल्म की रेटिंग: 3/5
फिल्म की कहानी
फिल्म की शुरुआत कोर्टरूम से होती है, जहां वेद मिश्रा (स्वानंद किरकिरे) अपने परिवार के साथ पूर्वा के परिवार से मुआवजा मांग रहा है। मामला परिवार के एक सदस्य की मौत से जुड़ा है। आखिर एक प्रेम कहानी अदालत तक कैसे पहुंच गई? शुरुआत में यह सवाल दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखता है।
कहानी पीछे लौटती है और प्रेम (आयुष्मान खुराना) और पूर्वा (शरवरी) से मिलवाती है। प्रेम संगीतकार है और उसे अपना संगीत तैयार करने के लिए शांत माहौल चाहिए। इसी तलाश में वह पूर्वा के घर किरायेदार बनकर पहुंचता है। पूर्वा बड़े परिवार के साथ रहती है। घर में दादी, नानी, चाची और बुआ समेत कई महिलाएं हैं। घर के फैसलों से लेकर एक-दूसरे की देखभाल तक, सारी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है।
प्रेम को पूर्वा पसंद आने लगती है। एक गरबा नाइट में दोनों की मुलाकात होती है, जहां पूर्वा उसे प्लंबर समझ बैठती है। उसी रात प्रेम उसकी दादी को अस्पताल पहुंचाने में मदद करता है। धीरे-धीरे दोनों करीब आते हैं और बात शादी तक पहुंच जाती है।
लेकिन पूर्वा शादी के बाद अपना घर छोड़कर नहीं जाना चाहती। प्रेम उसकी बात समझता है और उसके परिवार के साथ रहने को तैयार हो जाता है। इतना ही नहीं, वह अपने परिवार को भी साथ लाना चाहता है। हालांकि, उसके पिता (स्वानंद किरकिरे) इस फैसले से खुश नहीं हैं। उनकी सोच पारंपरिक है और उन्हें यह रिश्ता मंजूर नहीं होता। ऐसे में प्रेम के दादा (अनुपम खेर) उन्हें समझाते हैं और आखिरकार वह भी इस रिश्ते के लिए तैयार हो जाते हैं।
अब सवाल है कि एक घर में दो परिवार कैसे रहेंगे और उनके बीच ऐसी क्या बात होती है कि मामला अदालत तक पहुंच जाता है? फिल्म इसी सफर को दिखाती है।
अभिनय
आयुष्मान खुराना के लिए प्रेम का किरदार निभाना आसान नहीं था। सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का नाम आते ही सलमान खान याद आते हैं। सलमान ने इस किरदार को जो मासूमियत और शरारत दी थी, वह आज भी दर्शकों के जेहन में है।
आयुष्मान खुद भी मानते हैं कि सलमान ही ओरिजिनल प्रेम हैं। वह अपनी तरफ से किरदार को सहज बनाने की कोशिश करते हैं। भावनात्मक दृश्यों में उनका अभिनय बेहतर लगता है, लेकिन जहां मासूमियत और हल्की शरारत की जरूरत है, वहां वह पूरी तरह असर नहीं छोड़ पाते। उनका प्रेम अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करता है, लेकिन सलमान वाले प्रेम से तुलना होना स्वाभाविक है।
शरवरी पूर्वा के किरदार में अच्छी लगती हैं। अपने परिवार के लिए उनकी चिंता और उससे जुड़ाव पर्दे पर नजर आता है। अनुपम खेर अपने अनुभव से फिल्म में असर छोड़ते हैं। स्वानंद किरकिरे का किरदार कहानी में अहम है। प्रार्थना सभा वाला उनका दृश्य खास तौर पर अच्छा बन पड़ा है। गीता अग्रवाल शर्मा भी अपने हिस्से के दृश्यों में ठीक लगती हैं।
सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक कपूर, सौम्या टंडन, श्रुति सेठ और सुरभि तिवारी समेत बाकी कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। हालांकि, इतने सारे कलाकारों के बावजूद हर किरदार को बराबर जगह नहीं मिल पाती।
पटकथा और निर्देशन
फिल्म का पहला हिस्सा थोड़ा धीमा है। प्रेम और पूर्वा की मुलाकात से लेकर उनके करीब आने तक की घटनाएं इतनी जल्दी होती हैं कि दोनों के रिश्ते को समझने का पूरा मौका नहीं मिलता। प्रेम को पूर्वा से प्यार क्यों होता है और पूर्वा उसके साथ जिंदगी बिताने का फैसला कैसे कर लेती है, इस पर थोड़ा और समय दिया जा सकता था।
दूसरे हिस्से में कोर्टरूम के दृश्य कहानी में दिलचस्पी बढ़ाते हैं। यहां फिल्म अपने असली मुद्दे के करीब पहुंचती है। स्वानंद किरकिरे का प्रार्थना सभा वाला दृश्य भी याद रह जाता है। हालांकि, कुछ जगह कहानी जरूरत से ज्यादा नाटकीय हो जाती है। पहले हिस्से में थोड़ी और कसावट होती तो फिल्म का असर बेहतर हो सकता था।
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में बड़े परिवार, घर की रौनक, त्योहार और रिश्तेदारों की नोकझोंक देखने को मिलती है। इस फिल्म में भी उनका वही अंदाज है। लेकिन इस बार वह शादी के बाद लड़की के घर छोड़ने और परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर बनी सोच पर सवाल उठाते हैं।
फिल्म की कमियां
फिल्म की सोच अच्छी है, लेकिन इसमें एक साथ कई मुद्दे शामिल कर लिए गए हैं। शादी में बराबरी, महिलाओं की आजादी, तलाक, दूसरी शादी, आर्थिक आजादी और शराब की लत जैसे विषय कहानी में आते हैं। इस वजह से फिल्म किसी एक मुद्दे पर ठीक से बात नहीं कर पाती। अगर कहानी अपने मुख्य सवाल पर ज्यादा ध्यान देती, तो इसका असर बेहतर होता।
करीब ढाई घंटे की फिल्म कुछ जगहों पर लंबी लगती है। प्रेम और पूर्वा के रिश्ते को भी थोड़ा और समय दिया जा सकता था। दोनों की जोड़ी अच्छी लगती है, लेकिन उनके बीच का तनाव दर्शकों को भावुक नहीं कर पाता। पूर्वा अपने फैसले खुद लेना चाहती है, लेकिन अपने परिवार से भी दूर नहीं होना चाहती। उसके किरदार का यह पहलू अच्छा है, लेकिन फिल्म इसे और बेहतर तरीके से दिखा सकती थी।
संगीत
हिमेश रेशमिया का संगीत फिल्म के माहौल के हिसाब से है। टाइटल ट्रैक और ‘झुमका पटोला’ अच्छे लगते हैं। गरबा वाला ‘जय अंबे बोल’ भी फिल्म के उत्सवी माहौल में फिट बैठता है। हालांकि, गाने सुनने में अच्छे होने के बावजूद कोई धुन ऐसी नहीं है जो फिल्म देखने के बाद लंबे समय तक याद रहे। वहीं, बैकग्राउंड में बजने वाला ‘कर्पूर गौरं करुणावतारं’ मंत्र कुछ दृश्यों का असर बढ़ाता है।
देखें या नहीं?
‘ये प्रेम मोल लिया’ एक अच्छे और जरूरी सवाल से शुरू होती है। शादी के बाद लड़की ही क्यों अपना घर छोड़े, इस सोच पर बात होनी चाहिए। सूरज बड़जात्या ने इस विषय को पारिवारिक फिल्म के जरिए उठाने की कोशिश की है। फिल्म में अच्छे कलाकार हैं, कुछ भावनात्मक दृश्य हैं और परिवार वाला माहौल भी मिलता है।
लेकिन मजबूत विचार को अच्छी कहानी में बदलना भी जरूरी है। यहां पटकथा कई मुद्दों में उलझ जाती है और कुछ जगह फिल्म अपनी लंबाई का अहसास कराती है। अगर आपको सूरज बड़जात्या की पारिवारिक फिल्में पसंद हैं, तो इसे एक बार देख सकते हैं। बस आयुष्मान के प्रेम से वही मासूमियत और शरारत की उम्मीद न रखें, जिसके लिए सलमान का प्रेम आज भी याद किया जाता है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi