सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने अपने दिवंगत पिता और प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन को उनकी जन्मतिथि से पहले याद करते हुए भावुक ब्लॉग लिखा है। उन्होंने अपने ब्लॉग में कहा कि पिता की यादें, उनके शब्द, व्यवहार और सीख हमेशा परिवार के साथ रहती हैं। इसके साथ ही बिग बी ने काम और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाने की जरूरत पर भी अपनी बात रखी।
अमिताभ बच्चन ने लिखा भावुक संदेश
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि वह दिन और तारीख से आगे रहने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि बाकी जरूरी कामों के लिए भी समय निकाल सकें। उन्होंने कहा कि काम भी जरूरी है, लेकिन कई बार काम को प्राथमिकता देते हुए हम समय, गिनती और उद्देश्य को भूल जाते हैं।
उन्होंने लिखा, “दिन और तारीख से आगे रहने की कोशिश कर रहा हूं, ताकि बाकी कामों के लिए भी समय मिल सके। बाकी काम भी उतने ही जरूरी हैं। काम भी जरूरी है। कभी-कभी काम को प्राथमिकता दे देते हैं और इस वजह से हम समय, गिनती और उद्देश्य को भूल जाते हैं। हम कल फिर मिल सकते हैं। क्योंकि कल पूज्य बाबूजी का जन्मदिवस है! और कुछ कहने को नहीं, सिवाय ये, कि उनकी याद हम सब को आती रहती है। उनके शब्द उनका व्यवहार उनकी सीख तो हमेशा हमारे साथ रहती है। कल इस विशेष दिन पर और ज्यादा यह सब याद आएगा।”
उम्र को लेकर टिप्पणी करने वालों को दिया था जवाब
बीते दिनों अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर देर रात पोस्ट करने को लेकर उम्र पर टिप्पणी करने वाले ट्रोलर्स को भी जवाब दिया था। उन्होंने अपनी पोस्ट में कविता की पंक्तियां साझा करते हुए उन लोगों पर प्रतिक्रिया दी, जो देर रात जागने और पोस्ट करने को लेकर उन्हें निशाना बनाते हैं।
अमिताभ ने लिखा था, ‘वे मुझे कहते हैं, ‘ए बुढ़ऊ, सो जा रात हो गई है। सठिया गए हो क्या…।’ इसके जवाब में उन्होंने लिखा, ‘हां बेटा, बुढ़ऊ हो गए हैं। अगर वहां तक पहुंच सके तो एक दिन तुम भी हो जाओगे बुढ़ऊ।’
अमिताभ बच्चन के आगामी प्रोजेक्ट
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही रिभु दासगुप्ता के निर्देशन में बनी कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ डायना पेंटी, निम्रत कौर और अभिषेक बनर्जी भी हैं। फिल्म फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन में है।
इसके अलावा वह नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ में अश्वत्थामा के किरदार में वापसी करेंगे। इस फिल्म में वह प्रभास और कमल हासन के साथ नजर आएंगे।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi