भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने इंजीनियर/एग्जीक्यूटिव ट्रेनी और सुपरवाइजर ट्रेनी के कुल 415 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 नवंबर 2026 से शुरू हो गए हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 28 दिसंबर 2026 रात 11:45 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती विज्ञापन संख्या 02/2026 और 03/2026 के तहत इंजीनियरिंग, वित्त और मानव संसाधन से जुड़े पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा 27 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।
कुल 415 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 415 पद भरे जाएंगे। इनमें इंजीनियर/एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 200 पद और सुपरवाइजर ट्रेनी के 215 पद शामिल हैं।
इंजीनियर/एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों के लिए इंजीनियरिंग स्नातक, सीए/सीएमए योग्य उम्मीदवार और मानव संसाधन में स्नातकोत्तर डिग्रीधारक संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, सुपरवाइजर ट्रेनी पदों के लिए इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या बीबीए, बीबीएस, बीएमएस अथवा बीकॉम की डिग्री आवश्यक है।
सुपरवाइजर ट्रेनी पदों के लिए सामान्यतः 65 फीसदी अंक अनिवार्य हैं, जबकि एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60 फीसदी अंक निर्धारित किए गए हैं।
आयु सीमा क्या है?
इंजीनियर ट्रेनी और सुपरवाइजर ट्रेनी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष निर्धारित की गई है। वित्त और मानव संसाधन के एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों के साथ-साथ कुछ स्नातकोत्तर योग्यता वाले इंजीनियरिंग उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 29 वर्ष है।
आयु की गणना 1 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को भर्ती नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
इंजीनियर/एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीई) और उसके बाद साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। वहीं, सुपरवाइजर ट्रेनी पदों के लिए चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के जरिए होगा।
दोनों श्रेणियों के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा 27 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
कितना मिलेगा वेतन?
इंजीनियर/एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों पर चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान 50,000 रुपये मूल वेतन मिलेगा। इस पद के लिए अनुमानित वार्षिक सीटीसी 12 लाख रुपये है।
वहीं, सुपरवाइजर ट्रेनी पदों पर चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के दौरान 32,000 रुपये मूल वेतन दिया जाएगा। इस पद के लिए अनुमानित वार्षिक सीटीसी लगभग 7.5 लाख रुपये है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,072 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों को 472 रुपये शुल्क देना होगा।
कैसे करें आवेदन?
– सबसे पहले भेल की आधिकारिक वेबसाइट careers.bhel.in पर जाएं।
– संबंधित भर्ती अधिसूचना खोलें।
– ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें।
– जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
– लागू आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
– आवेदन फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi