उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी घटना में बदल गया। छपरौली क्षेत्र के हलालपुर गांव में ग्राम प्रधान सुधीर खोखर के छोटे भाई संजीव (50) की मौत हो गई। प्रधान ने अपने सगे चाचा और उनके दो बेटों पर बुग्गी के खलवों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना में प्रधान सुधीर और उनके छोटे भाई राजीव के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेड़ काटने के विरोध पर शुरू हुआ विवाद:
ग्राम प्रधान सुधीर खोखर के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह वह अपने भाई राजीव के साथ ईंट भट्ठे पर पहुंचे थे। वहां उनके सगे चाचा उदयराज अपने बेटों सन्नी और आर्यन उर्फ पोलू के साथ गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी किए हुए थे। आरोप है कि तीनों वहां लगे लिपस्टिक के पेड़ काट रहे थे। सुधीर और राजीव ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसके बाद उदयराज और उनके दोनों बेटे भट्ठे के कार्यालय में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान प्रधान के छोटे भाई संजीव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने बुग्गी के खलवों से उन पर हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई संजीव की मौत:
प्रधान सुधीर के अनुसार, हमले के दौरान संजीव को कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके मुंह से खून निकलने लगा। परिजन उन्हें तुरंत छपरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना में सुधीर और राजीव के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह:
मामले में सीओ अंशु जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक संजीव के शरीर पर कोई खुली चोट दिखाई नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान सुधीर ने अपने सगे चाचा उदयराज और उनके बेटों सन्नी व आर्यन पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया है कि उदयराज दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त एएसआई हैं, जबकि उनके बेटे सन्नी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi