Monday , September 14 2026

विनोद हत्याकांड में दर्दनाक मंजर: पिता को जगाती रही मासूम बेटी, पत्नी की हालत बिगड़ी

गोंडा के परसपुर में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद उनके घर में मातम पसरा है। शुक्रवार सुबह रेक्सड़िया मल्लहनपुरवा स्थित घर से उठती चीख-पुकार ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बेटी विजयलक्ष्मी बार-बार कहती रही- “पापा को जगाओ… इतनी देर हो गई, अभी तक सोकर क्यों नहीं उठे।” यह कहते-कहते वह बेसुध हो जा रही थी। पत्नी ऊषा भी बदहवास थीं और महिलाएं उन्हें पानी के छींटे मारकर संभाल रही थीं।

विनोद की हत्या के बाद परिवार से मिलने पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी ली। परिजनों के मुताबिक, रात में करनैलगंज के भाजपा विधायक अजय सिंह भी अधिकारियों के साथ घर पहुंचे और परिवार से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिया।

सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

हत्या के विरोध में शुक्रवार को परिजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शव को चारपाई पर रखकर लोग जुलूस की शक्ल में शाहपुर की ओर निकले। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की और रस्साकशी की स्थिति बन गई। बाद में प्रदर्शनकारियों ने परसपुर-बरगदी मार्ग पर शाहपुर-धनावा के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने, परिवार को पांच करोड़ रुपये मुआवजा देने, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की मांग की। करीब दो बजे डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के कार्रवाई के भरोसे के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

पुत्र ने दी मुखाग्नि

कमियार घाट पर गमगीन माहौल में विनोद का अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र राज साहनी ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के लोग बिलखते रहे और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

तीन नामजद समेत 10 पर रिपोर्ट

विनोद कुमार साहनी (45) बुधवार रात शाहपुर बाजार स्थित अपनी बर्तन की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि लल्लन यादव की दुकान के पास चार बाइकों से आए 10 लोगों ने उनकी बाइक रोककर हमला किया। हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर कांता व भाला से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसपी अभिषेक के अनुसार, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में लापरवाही को लेकर थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट सिपाही की विभागीय जांच भी कराई जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर विवाद की रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आई है।

Check Also

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चार्जशीट तैयार, जल्द अदालत में दाखिल करने की तैयारी

राम मंदिर के चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की विवेचना निर्णायक दौर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *