Sunday , October 11 2026

Kenya Helicopter Crash: उत्तरी केन्या में पर्यटकों का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, सात की मौत

केन्या के उत्तरी हिस्से में बुधवार सुबह सफारी के दौरान एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। केन्या के स्थानीय अधिकारियों और अमेरिकी विदेश विभाग ने हादसे की पुष्टि की है।

केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह करीब 9:13 बजे लॉइसाबा कंजरवेंसी से साम्बुरु काउंटी के इवासो न्यिरो इलाके की ओर जा रहा था। इसमें छह यात्री और एक पायलट सवार थे। उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर माउंट ओलोलोक्वे के पास दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में सभी सात लोगों की मौत

साम्बुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

अमेरिकी विदेश विभाग ने पुष्टि की कि मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक थे। अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मृतकों के परिजनों को जरूरी कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

माउंट ओलोलोक्वे के पास हुआ हादसा

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हेलीकॉप्टर माउंट ओलोलोक्वे की तलहटी में ऊबड़-खाबड़ इलाके में गिरा। यह क्षेत्र सफारी और पर्यटन के लिए लोकप्रिय है। हादसे में शामिल हेलीकॉप्टर स्थानीय कंपनी लेडी लॉरी हेलीकॉप्टर्स का था और यह चार्टर उड़ान पर था। यात्रा कंपनी &Beyond के साथ सफारी पर गए पर्यटक इसमें सवार थे।

तलाशी और बचाव अभियान में ट्रॉपिक एयर केन्या ने भी अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे। केन्या रेड क्रॉस की आपातकालीन टीमें भी राहत अभियान में शामिल रहीं।

हादसे की जांच शुरू

केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के पीछे तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे का सटीक कारण सामने नहीं आया है।

रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों में टेलीमुंडो के वरिष्ठ कार्यकारी जोस अल्बर्टो सुआरेज और इक्वाडोर की राष्ट्रीय खुफिया सेवा के प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी भी शामिल थे।

Check Also

विपक्ष का राजघाट पर प्रदर्शन: खरगे-राहुल समेत सांसद पहुंचे, भाजपा ने लगाया अराजकता फैलाने का आरोप

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को दिल्ली ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *